Published on: 31 May 2026
*आईजीयू में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित।*
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी में कार्य कर रहे कर्मचारी श्री कमल सिंह (स्वीपर) एवं श्री सुरेश कुमार (असिस्टेंट) के सेवानिवृत्त होने के अवसर पर नॉन-टीचिंग एसोसिएशन द्वारा एक भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर असीम मिगलानी एवं कुलसचिव प्रोफेसर दिलबाग सिंह ने दोनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों श्री कमल सिंह एवं श्री सुरेश कुमार का पगड़ी, शॉल एवं पुष्प मालाओं से सम्मान किया। कुलपति प्रोफेसर असीम मिगलानी ने दोनों कर्मचारियों के कार्यकाल, उनकी निष्ठा, कर्मठता एवं संस्थान के प्रति योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की। कुलसचिव प्रोफेसर दिलबाग सिंह ने भी सेवानिवृत्त दोनों कर्मचारियों के स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए विश्वविद्यालय में उनके द्वारा की गए मेहनत को सराहा।
नॉन-टीचिंग एसोसिएशन के प्रधान श्री विकास कुमार ने सर्वप्रथम दोनों सेवानिवृत्त साथियों को सम्मानित करने हेतु विश्वविद्यालय प्रशासन का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में कर्मचारी दो बातों को कभी नहीं भूलता—पहली अपनी पहली तनख्वाह और दूसरी अपना सेवानिवृत्ति दिवस। पहली तनख्वाह व्यक्ति को भविष्य के सपने दिखाती है, जबकि सेवानिवृत्ति का दिन उसे अपने पूरे सेवाकाल की उपलब्धियों और अनुभवों को स्मरण करने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि आज मंच पर उपस्थित परीक्षा नियंत्रक, वित्त अधिकारी तथा सामने बैठे वरिष्ठ अधिकारियों एवं युवा कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति इस कार्यक्रम की शोभा को ओर बढ़ा रही है। वरिष्ठों का आशीर्वाद तथा प्रशासन का सहयोग किसी भी कर्मचारी के मनोबल को सुदृढ़ बनाता है।
श्री विकास कुमार ने कहा कि आज केवल दो कर्मचारियों को विदा नहीं किया जा रहा, बल्कि दो अनुभवों, दो संस्कारों और दो प्रेरणाओं को सम्मान दिया जा रहा है। उन्होंने युवा कर्मचारियों से आह्वान किया कि यदि वे अपने कार्यकाल में सम्मान प्राप्त करना चाहते हैं तो उन्हें अपने वरिष्ठ साथियों की तरह मेहनत, अच्छा व्यवहार और धैर्य अपनाना चाहिए, क्योंकि पद छोटा या बड़ा हो सकता है, लेकिन व्यक्ति का व्यवहार ही उसकी वास्तविक पहचान बनता है। समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने दोनों कर्मचारियों को स्मृति-चिह्न एवं अन्य उपहार भेंट कर उनके दीर्घ एवं समर्पित सेवाकाल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
इस अवसर पर डिप्टी रजिस्ट्रार श्री संजीव कुमार, श्री मोहित रेवड़ी, श्री नवीन पिपलानी, अस्सिटेंट रजिस्ट्रार डॉ. अंशु एवं श्री मुकेश ने भी सेवानिवृत कर्मचारियों के स्वस्थ जीवन की कामना की।
इस अवसर पर टीचिंग एसोसिएशन की अध्यक्ष प्रोफेसर सविता श्योराण, परीक्षा नियंत्रक डॉ. विपुल यादव, वित्त अधिकारी श्री अनिल कुमार सहित शिक्षक एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी तथा नॉन-टीचिंग एसोसिएशन के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे।